कवर्धा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन ने हड़ताल वापस ले लिया है। उन्होंने 29 दिसंबर से स्कूलों में अध्यापन कार्य किया। लेकिन पहले ही दिन से जिले में कक्षा पहली से आठवीं तक बच्चों का मिडलाइन आकलन शुरू हुआ। इस कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद
(एससीईआरटी) ने हिंदी माध्यम स्कूलों के साथ ही स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के लिए भी समय-सारणी और दिशा-निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को जारी किए हैं। कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों का मिडलाइन आकलन 29 दिसम्बर से एक जनवरी तक सुबह 8 बजे से 10.30 बजे तक होगा। कक्षा छठवीं से आठवीं तक के बच्चों का आकलन 29 दिसम्बर से 4 जनवरी पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। आकलन के लिए प्रश्न पत्र तैयार कर भेजी गई है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर छात्र-छात्राएं परीक्षा में क्या लिखेंगे, क्योंकि 11 दिसंबर से शिक्षकों की हड़ताल के चलते पढ़ाई ठप थी।40 अंकों का होगा आकलन
यह आकलन 40 अंकों का होगा, इसमें 30 अंक प्रश्न पत्र एवं 10 अंक प्रायोजना कार्य के होंगे। कक्षावार, विषयवार प्रायोजना कार्य में कुल तीन प्रश्न पत्र होंगे, जिसमें से कोई दो पर कार्य करना अनिवार्य होगा। प्रायोजना कार्य में प्रत्येक प्रश्न पर पांच-पांच अंक निर्धारित है। प्रायोजना कार्य लर्निंग आउटकम्स पर आधारित है। बच्चों को प्रयोजना कार्य पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। प्रायोजना कार्य समय में, जोड़ों में या व्यक्तिगत रूप से किया जा सकता है। शिक्षक, कक्षा, विद्यालय के बाहर के प्रोजेक्ट कार्य अपने मार्गदर्शन में कराएंगे और सुरक्षा के उचित उपाय सुनिश्चित करेंगे। शिक्षक बच्चों द्वारा किए गए प्रायोजना कार्य का दस्तावेज सुरक्षित रखेंगे।
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में भी मिडलाइन आकलन
हिंदी मीडियम स्कूलों के साथ ही स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में भी मिडलाइन आकलन होगा, मूल्यांकन के आधार पर बच्चों को ग्रेड दिया जाएगा। मिडलाइन आकलन के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षा पहली से पांचवीं प्राथमिक स्तर में 29 दिसम्बर को कक्षा पहली और तीसरी में हिंदी, कक्षा दूसरी में गणित, कक्षा चौथीं में पर्यावरण और पांचवीं में अंग्र्रेजी विषय का आकलन होगा। आज 30 दिसम्बर को कक्षा पहली, तीसरी और पांचवीं में गणित, कक्षा दूसरी में हिंदी और कक्षा चौथीं में अंग्रेजी विषय का आकलन किया जाएगा। 31 दिसम्बर को कक्षा पहली, दूसरी में अंग्रेजी, कक्षा तीसरी में पर्यावरण, कक्षा चौथीं में गणित और कक्षा पांचवीं में हिंदी विषय का आकलन किया जाएगा। एक जनवरी को कक्षा तीसरी में अंग्र्रेजी, कक्षा चौथीं में हिंदी और कक्षा पांचवीं में पर्यावरण विषय का आकलन होगा।
इस प्रकार होगा आंकलन
इसी प्रकार माध्यमिक स्तर पर कक्षा छठवीं से आठवीं तक 29 दिसम्बर को कक्षा छठवीं में हिंदी, सातवीं में गणित और आठवीं में विज्ञान विषय का आकलन किया जाएगा। 30 दिसम्बर को कक्षा छठवीं में गणित, कक्षा सातवीं में अंग्रेजी और कक्षा आठवीं में हिंदी विषय का आकलन होगा। 31 दिसम्बर को कक्षा छठवीं में अंग्रेजी, सातवीं में हिंदी और आठवीं में गणित विषय का आकलन किया जाएगा। एक जनवरी को कक्षा छठवीं में सामाजिक विज्ञान, कक्षा सातवीं विज्ञान, कक्षा आठवीं में संस्कृत एवं उर्दू का आकलन होगा। 3 जनवरी को कक्षा छठवीं में विज्ञान, कक्षा सातवीं में संस्कृत एवं उर्दू, कक्षा आठवीं में सामाजिक विज्ञान का आकलन किया जाएगा। 4 जनवरी को कक्षा छठवीं में संस्कृत एवं उर्दू, कक्षा सातवीं में सामाजिक विज्ञान तथा कक्षा आठवीं में अंग्रेजी विषय का आकलन होगा।
12वीं-10वीं के लिए टाइम टेबल जारी
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध स्कूलों में 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा मार्च में होगी। मंडल ने इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक चलेगी। 3 मार्च से 23 मार्च तक 10वीं की परीक्षा ली जाएगी। फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा भी 3 मार्च से 11 मार्च तक ली जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होंगी। यह परीक्षा ऑफलाइन होगी। कोरोना की वजह से पिछली बार हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षाओं और मूल्यांकन का तरीका बदला था। इस बार परीक्षा फिर से पुराने पैटर्न पर लौट आई है। कबीरधाम जिले में हाई व हायर सेकंडरी स्कूल की संख्या करीब 170 के आसपास है,जिसमें लगभग 20 हजार से अधिक बधो इसय परीक्षा में शामिल होंगे।